बिजनौर, 1 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों तथा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बिजनौर संजय कुमार सप्तम के मार्गदर्शन में 25 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों, विधिक परिणामों और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई।
इसी क्रम में गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज, बिजनौर में जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार सप्तम की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट लोकेश नागर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव स्वाति चन्द्रा, पुलिस अधीक्षक केके विश्नोई तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, 2012 का उद्देश्य 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन शोषण, छेड़छाड़ और अश्लील सामग्री से जुड़े अपराधों से संरक्षण प्रदान करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को बच्चों के अधिकारों, शिकायत की प्रक्रिया तथा कानून के तहत उपलब्ध संरक्षण के बारे में जागरूक किया।
इस दौरान कृष्णा कॉलेज, बिजनौर के छात्रों ने पॉक्सो अधिनियम के विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता का संदेश दिया।
विभिन्न विद्यालयों में भी आयोजित हुए कार्यक्रम
अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, झालू में अपर जनपद न्यायाधीश सुनील कुमार; डीएवी इंटर कॉलेज, विदुरकुटी रोड में अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) शान्तनु त्यागी; हिंदू इंटर कॉलेज, नगीना में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट वर्तिका शुभानन्द तथा किसान इंटर कॉलेज, मंडावली में प्रधान मजिस्ट्रेट, किशोर न्याय बोर्ड हुमा ने विद्यार्थियों को जागरूक किया।


इसी तरह कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, धर्मनगरी बिजनौर में अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) यतेन्द्रपाल सिंह, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, किरतपुर नगर, ग्राम सिकरी में सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/एफटीसी विशाल शर्मा, राजकीय बालिका हाईस्कूल, बुडावला, नगीना में सिविल जज (जूनियर डिवीजन), नगीना नेहा राजन, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बीरूवाला, नजीबाबाद में सिविल जज (जूनियर डिवीजन), नजीबाबाद अरुण सिंह राठौर, राजकीय हाईस्कूल काजीवाला, मोहम्मदपुर देवमल में सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/एफटीसी अंजलिका प्रियदर्शनी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सरकड़ा, अल्लैहपुर धामपुर में ग्राम न्यायालय, धामपुर की न्यायाधीश नूतन तथा राजकीय हाईस्कूल, मुन्नवरपुर सैयद, नगीना में अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन), नगीना सुभाष सिंह ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, नालसा हेल्पलाइन नंबर 1500, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 के संबंध में जानकारी दी गई। अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में जिले के करीब 2500 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।




