बिजनौर। जनपद के विनियमित क्षेत्रों में निर्माण संबंधी नियमों के उल्लंघन और अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में धामपुर के विनियमित क्षेत्र में अवैध निर्माण का मामला सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अवर अभियंता (जेई) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

5 नवंबर को आयोजित बैठक में जनपद के समस्त विनियमित क्षेत्रों से संबंधित प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न तहसीलों से जुड़े मामलों को एक-एक कर सुनवाई के लिए प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित प्रकरणों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान तहसील धामपुर के विनियमित क्षेत्र से संबंधित एक मामले में अवैध निर्माण का मुद्दा सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी धामपुर को निर्देशित किया कि संबंधित क्षेत्र में अवैध निर्माण के मामले में अवर अभियंता (जेई) को नोटिस जारी किया जाए और प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विनियमित क्षेत्रों में निर्माण संबंधी नियमों का पालन अनिवार्य है। किसी भी तरह की अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
बैठक में विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई के दौरान संबंधित मामलों के प्रतिवादियों के अधिवक्ता भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने-अपने पक्षकारों की ओर से पक्ष प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने प्रस्तुत तथ्यों और प्रकरणों की स्थिति पर विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




