आरबीडी डिग्री कॉलेज में छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत एंटी रोमियो टीम ने चलाया जागरूकता अभियान

बिजनौर। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत 3 नवंबर 2026 को बिजनौर पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने आरबीडी डिग्री कॉलेज में चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
अभियान के दौरान छात्राओं को घरेलू हिंसा, मारपीट एवं उत्पीड़न जैसी घटनाओं के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही छेड़छाड़, मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान करने तथा अश्लील संदेश भेजने जैसी घटनाओं की शिकायत पुलिस से करने के प्रति जागरूक किया गया।
एंटी रोमियो टीम ने साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा और साइबर ठगी होने की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई। छात्राओं को अपनी समस्याएं निडर होकर पुलिस के सामने रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई।
बिजनौर पुलिस ने मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।



