बिजनौर के लिए गौरवशाली पल ; जिलाधिकारी जसजीत कौर को राष्ट्रीय पुरस्कार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जिलाधिकारी जसजीत कौर को राष्ट्रीय पुरस्कार से किया सम्मानित

बिजनौर, राष्ट्रीय पंचायत। जनपद बिजनौर के लिए रविवार 25 जनवरी का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने बिजनौर की जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती जसजीत कौर को ट्रेनिंग और कैपेसिटी बिल्डिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा। नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान मिली इस उपलब्धि ने बिजनौर को पूरे देश में गौरवान्वित किया है।
यह सम्मान जिलाधिकारी को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से लागू करने के लिए दिया गया है। श्रीमती जसजीत कौर के कुशल नेतृत्व में जिला प्रशासन ने एक अत्यंत मजबूत ट्रेनिंग ढांचा तैयार किया था, जिसके अंतर्गत सुपरवाइजर्स और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को विशेष दक्षता के साथ प्रशिक्षित किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में अंतर्विभागीय सामंजस्य और अधिकारियों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया गया, ताकि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन हो सके।

अपनी इस सफलता पर जानकारी साझा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि मानवीय क्षमता में निवेश और टीमवर्क इस उपलब्धि का मुख्य आधार रहा है। एसआईआर के कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों के साथ भी निरंतर संपर्क सादा गया और उनके साथ नियमित बैठकें आयोजित की गईं। प्रशासन के इसी केंद्रित निवेश और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है कि आज बिजनौर को राष्ट्रीय स्तर पर यह विशिष्ट पहचान मिली है। इस पुरस्कार की घोषणा के बाद से ही जनपद के प्रशासनिक गलियारों और आम जनता में हर्ष का माहौल है।
