नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय अंडर-19 एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज
खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

बिजनौर, राष्ट्रीय पंचायत।
जिला ओलंपिक संघ और जिला खेल कार्यालय बिजनौर के संयुक्त तत्वावधान में नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो दिवसीय अंडर-19 जिला स्तरीय बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता का रविवार को शानदार शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी राजकुमार ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एथलेटिक्स न केवल स्वास्थ्य के लिए जरूरी है बल्कि यह अनुशासन और दृढ़ संकल्प भी सिखाता है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अपनी मेहनत के दम पर बिजनौर का नाम राज्य और राष्ट्रीय पटल पर रोशन करें।

प्रतियोगिता के पहले दिन मैदान पर युवाओं का जबरदस्त जोश देखने को मिला। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में लवंश ने प्रथम, विवेक ने द्वितीय और प्रियल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिकाओं की 100 मीटर दौड़ में प्रियंका ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि अनन्या और चित्रा क्रमशः दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं। 200 मीटर में अंशुल कुमार और 800 व 1500 मीटर की लंबी दूरी की दौड़ में मयंक कुमार ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। बालिकाओं की 800 मीटर दौड़ में तनु और 1500 मीटर में स्वाति ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी बढ़त बनाई। लंबी कूद (लॉन्ग जंप) में अभिनव चौधरी सबसे आगे रहे, जबकि अर्पित धामा ने 5000 मीटर की कठिन दौड़ में पहला स्थान प्राप्त किया।
इस उद्घाटन समारोह के दौरान जिला ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. मुकुल जटलान, कोषाध्यक्ष निपेंद्र कुमार और हिमांशु ने भी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में वरिष्ठ एथलीट चंद्रशेखर, कोच पूजा देवी, चित्र चौहान, विशाल कुमार और नितिन कुमार सहित कई खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का समापन सोमवार 26 जनवरी को होगा, जहां विजेताओं को पदक, प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
