Uncategorizedटॉप न्यूज़देशबिजनौरयूपीलोकल न्यूज़विकास

120 शिकायतें प्राप्त, 9 का मौके पर निस्तारण; 25 मामलों में संयुक्त टीमें गठित करने के निर्देश

मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में चांदपुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस

चांदपुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर जनता की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनतीं हुई मुरादाबाद मंडलायुक्त संगीत सिंह (फोटो)

बिजनौर, 5 सितंबर। मुरादाबाद मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील चांदपुर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील परिसर पहुंचने पर मंडलायुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 120 शिकायती एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। मंडलायुक्त ने शेष प्रकरणों के गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। प्रत्येक प्रकरण में आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि को शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता का महत्वपूर्ण आधार माना जाए।
मंडलायुक्त ने 25 शिकायती प्रकरणों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीमें मौके पर जाकर प्रकरणों की जांच करें और वास्तविक स्थिति के आधार पर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करें।

चांदपुर तहसील परिसर दिव्यांगजनों के लिए नवनिर्मित रैंप का लोकार्पण करतीं हुईं मंडलायुक्त संगीत सिंह। (फोटो)

दिव्यांगजनों के लिए नवनिर्मित रैंप का लोकार्पण
इस अवसर पर मंडलायुक्त संगीता सिंह ने तहसील परिसर में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 8.97 लाख रुपये की लागत से निर्मित रैंप का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को शासकीय कार्यालयों में सुगम और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में पुलिस एवं प्रशासन के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!