
बिजनौर, 5 सितंबर। मुरादाबाद मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने शनिवार को जनपद भ्रमण के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा में परियोजनाएं पूरी कराने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने चांदपुर-बासटा-मानपुर-अहराला मार्ग का निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड द्वारा ओडीआर (अन्य जिला मार्ग) के अंतर्गत इस मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। विभागीय जानकारी के अनुसार 69.25 किलोमीटर लंबे मार्ग को दो लेन में विकसित करने के लिए 39.47 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत है। परियोजना का करीब 30 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और इसे 23 मई 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन मार्ग की गुणवत्ता का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद मंडलायुक्त ने विकासखंड नूरपुर के ग्राम बेड़ा खुर्द में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित ग्रामीण पाइप पेयजल योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने योजना के तहत निर्मित पानी की टंकी का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली।
अधिकारियों के अनुसार योजना के तहत गांव के 780 परिवारों को पेयजल कनेक्शन दिए जाने हैं। इनमें से 728 परिवारों को कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जबकि 52 परिवारों को अभी कनेक्शन दिया जाना बाकी है। मंडलायुक्त ने शेष परिवारों को शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा ग्रामीणों को नियमित और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 367.57 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना के संबंध में उन्होंने कार्यदायी संस्था वीटीएल के प्रतिनिधि को भी आवश्यक निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने राजा का ताजपुर स्थित सेक्रेड हार्ट चर्च का भी दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

