Uncategorizedटॉप न्यूज़देशबिजनौरयूपी

उधारी के विवाद ने तीन परिवार उजाड़ेः ट्रैक्टर से कुचलकर तीन को मार डाला

दतियाना-जमालुद्दीनपुर में वारदात से तनाव, परिजनों ने लगाया जाम; आरोपित के घर बुलडोजर चलाने की मांग, एसपी के आश्वासन पर खुला रास्ता

बिजनौर/चांदपुर। चांदपुर क्षेत्र के दतियाना और जमालुद्दीनपुर गांव के बीच बुधवार रात शराब की दुकान के पास उधारी के विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि इस विवाद के बाद एक सिरफिरे ने ट्रैक्टर से कुचलकर तीन ग्रामीणों को मौत के घाट उतार दिया। इस हदय विदारक घटना में एक महिला भी घायल हुई है।
पुलिस के अनुसार घटना से पहले अंडे का ठेला लगाने वाले युवक से उधारी के 3,200 रुपये को लेकर विवाद हुआ था। इसके करीब एक घंटे बाद आरोपित पक्ष के एक व्यक्ति द्वारा ट्रैक्टर से उन ग्रामीणों को कुचलने की बात सामने आई है जिनका उधारी विवाद से प्रत्यक्ष संबंध नहीं बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान उदयवीर, बाबूराम और महेंद्र के रूप में हुई है। ट्रैक्टर भी बिजली के खंभे से टकराकर पलट गया।

3,200 रुपये के तकादे के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई के अनुसार, शराब की दुकान के बाहर अंडे का ठेला लगाने वाले व्यक्ति के साथ पहले मारपीट हुई। इसके बाद 3,200 रुपये के तकादे को लेकर विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार इसी घटनाक्रम के बाद संबंधित व्यक्ति के भाई ने ट्रैक्टर से उन लोगों को कुचल दिया, जिनका उधारी के विवाद से सीधा संबंध नहीं था। एसपी ने मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज किए जाने की बात कही है।

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक विवाद के बाद दतियाना निवासी वीरेंद्र ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचा और सड़क किनारे मौजूद उदयवीर, बाबूराम और महेंद्र को ट्रैक्टर से कुचल दिया। इस दौरान ट्रैक्टर बिजली के खंभे से टकराकर पलट गया और जिसके नीचे दबकर चालक घायल हो गया।

मृतकों के परिजन बोले- विवाद से कोई लेना-देना नहीं था

मृतक महेंद्र के भाई रवि ने पोस्टमार्टम हाउस पर मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके भाई महेंद्र, बाबूराम और उदयवीर का अंडे के ठेले पर हुए विवाद से कोई लेना-देना नहीं था। उनका आरोप है कि तीनों अलग स्थान पर मौजूद थे, तभी उन पर अचानक ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया।

सड़क जाम के दौरान एसपी केके विश्नोई ग्रामीणों को समझाते हुए।

आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

घटना के बाद गुरुवार को मृतकों के स्वजन और ग्रामीणों ने दतियाना-चांदपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम खोला गया।

घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपित पक्ष के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एसपी केके विश्नोई के साथ घटनास्थल स्थल का दौरा करते डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज जी।

डीआईजी मुनिराज ने लिया घटनास्थल का जायजा

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद रेंज के डीआईजी जी. मुनिराज ने गुरुवार को घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और जांच एवं कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी ने मृतकों के स्वजन से भी बातचीत की और कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली।

क्षेत्राधिकारी चांदपुर देश दीपक सिंह के अनुसार घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवाद की वास्तविक वजह, घटनाक्रम और ट्रैक्टर चालक की भूमिका की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!