“अब मंच तैयार है… पात्र तैयार हैं… रामलीला मंचन का इंतजार है…”
जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा रामलीला मैदान, गणेश पूजन के साथ शुरू हुआ रामलीला रंगमंच


बिजनौर। कहीं शंखनाद, कहीं जय श्रीराम के जयकारे और कहीं मंच पर सजे रामायण के पात्र… गुरुवार को रामलीला मैदान का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। विधि-विधान से गणेश पूजन के साथ ’’रामलीला-2026 का श्रीगणेश’’ हुआ तो अगले 15 दिनों तक चलने वाले धार्मिक-सांस्कृतिक उत्सव का भी आगाज हो गया। ’’अब मंच तैयार है… पात्र तैयार हैं… और रामलीला के मंचन का इंतजार है।’’

रामलीला शुभारंभ के मौके पर पंडित अमरनाथ ने विधिवत भगवान गणेश का पूजन कराया। मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद बिजनौर की अध्यक्ष इंद्रा सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. बीरबल सिंह ने पूजा-अर्चना कर रामलीला के आयोजन का शुभारंभ किया। इसके बाद गुब्बारे उड़ाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मैदान में गूंजते भगवान श्रीराम और गणेश जी के जयकारों ने माहौल को पूरी तरह राममय कर दिया।
’10 अक्टूबर से सजेगा रात्रिकालीन मंच’
रामलीला कमेटी के अनुसार ’’8 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक’’ रामलीला का आयोजन होगा। दिन की लीला गणेश पूजन के साथ शुरू हो गई है, जबकि ’’10 अक्टूबर से रात आठ बजे दिल्ली के कलाकार रात्रिकालीन रामलीला का मंचन करेंगे।’’ अलग-अलग प्रसंगों के मंचन के जरिए कलाकार दर्शकों को रामायण की कथा से जोड़ेंगे।
’’12 को राम बारात, 20 को दशहरा का रोमांच’’
रामलीला के दौरान कई बड़े आयोजन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। ’’12 अक्टूबर को भगवान श्रीराम की भव्य राम बारात निकलेगी।’’ इसके बाद ’’20 अक्टूबर को दशहरा महोत्सव’’ आयोजित किया जाएगा। वहीं ’’21 अक्टूबर को भरत मिलाप की भव्य शोभायात्रा’’ निकलेगी।
इन आयोजनों को लेकर रामलीला कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजकों का कहना है कि रामलीला सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि ’’राम के आदर्श, मर्यादा और भारतीय संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाला जीवंत मंच’’ है। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अचल अग्रवाल और महामंत्री राहुल शर्मा ने नगरवासियों से सभी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की।
गणेश पूजन के अवसर पर मुख्य संरक्षक संजीव बबली एडवोकेट, अध्यक्ष अचल अग्रवाल, महामंत्री राहुल शर्मा, भवन मंत्री प्रदीप कौशिक, व्यवस्था प्रमुख संदीप चौधरी एडवोकेट, नीरज शर्मा, सभासद अवनीश गौड़, कपिल चौधरी, बबलू प्रमुख, नवदीप सिंह एडवोकेट सहित चिराग अग्रवाल, तुषार भटनागर, प्रियांशु अग्रवाल और वैभव सिंगल आदि मौजूद रहे।

