
बिजनौर। जिले के 16 गांवों में चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है। इन गांवों में चकबंदी के कार्यों को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरा कराने के साथ राजस्व भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त रखने की प्रशासनिक कवायद तेज की गई है। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने चकबंदी विभाग की समीक्षा बैठक में राजस्व भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने चकबंदी विभाग के कार्यों और लंबित वादों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चकबंदी से संबंधित सभी लंबित मामलों के निस्तारण के लिए समय-सीमा निर्धारित की जाए और उनका गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने कहा कि चकबंदी की प्रक्रिया में किसानों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर पक्षपात, लापरवाही अथवा अनियमितता नहीं होनी चाहिए। चकबंदी से जुड़े कार्य पूरी गुणवत्ता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराए जाएं।
उन्होंने राजस्व भूमि पर अवैध कब्जों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए ऐसे लोगों को चिह्नित करने और उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
बैठक में चकबंदी विभाग के अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।



