
बिजनौर। निर्वाचन आयोग की जांच में काम न करने वाली पाई गईं ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को अब बिजनौर से बाहर भेजने की तैयारी है। गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह की मौजूदगी में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष इन मशीनों को सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम को नियमानुसार खोला गया।

दरअसल, पिछले माह जनपद में ईवीएम और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) कराई गई थी। इस दौरान नॉन-फंक्शनल पाई गई बैलेट यूनिट (बीयू), कंट्रोल यूनिट (सीयू) और वीवीपैट मशीनों को अलग स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया था।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि खराब पाई गई मशीनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पहले रामपुर भेजा जाएगा। वहां विभिन्न जनपदों से आई मशीनों को एकत्रित किया जाएगा। इसके बाद इन्हें हैदराबाद भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि ईवीएम और वीवीपैट से संबंधित सभी कार्रवाई निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जा रही है। स्ट्रांग रूम खोलने के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासन की ओर से अपनाई गई प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


