
बिजनौर। गंगा एक्सप्रेसवे और मेरठ-हरिद्वार लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में अब तेजी लाने की तैयारी है। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बैनामे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि अधिग्रहण से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन ने तीन तहसीलों में प्रतिदिन कुल 250 बैनामे कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें तहसील सदर को 100, चांदपुर को 80 और नजीबाबाद को 70 बैनामे प्रतिदिन कराने होंगे। लक्ष्य पूरा करने के लिए रविवार को भी रजिस्ट्री कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अभियान चलाकर युद्धस्तर पर काम पूरा कराने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने उन जमीनों को लेकर भी सख्ती दिखाई, जिनके बैनामे पहले ही हो चुके हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसी अधिग्रहित भूमि पर किसी भी प्रकार की मिट्टी की खुदाई न होने दी जाए। वहीं एक्सप्रेसवे के आसपास औद्योगिक गलियारे विकसित करने की संभावनाओं को देखते हुए तहसीलदार सदर, नजीबाबाद और चांदपुर को अपने-अपने क्षेत्र में एक-एक हजार हेक्टेयर भूमि चिह्नित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गूगल शीट पर निर्धारित प्रारूप-1 के अनुसार सभी आवश्यक सूचनाएं समय से उपलब्ध कराने तथा नौ ग्रामों के लिए लैंड एक्विजिशन प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संरक्षित और असंरक्षित ग्रामसभा की भूमि से संबंधित कार्रवाई नियमानुसार करने, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा अधिग्रहण से संबंधित परिसंपत्तियों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के दौरान सदर तहसील में सबसे पहले बैनामे कराने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार कर्मचारियों को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए अन्य कार्मिकों से भी इसी तत्परता के साथ काम करने की अपेक्षा की।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए रविवार को भी बैनामों की प्रक्रिया जारी रहेगी। बैठक में एआईजी स्टांप, उप जिलाधिकारी सदर स्मृति मिश्रा, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे



