देशबिजनौर

नजीबाबाद में डंपर की टक्कर से बालिका और ई-रिक्शा चालक की मौत, गर्भवती महिला गंभीर

बिजनौर/नजीबाबाद, 25 अक्टूबर। नजीबाबाद-रायपुर सादात मार्ग पर गांव किशनपुर आंवला के पास शनिवार सुबह खनन सामग्री से भरे डंपर ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में 11 वर्षीय बालिका वंशिका और ई-रिक्शा चालक उमेश (50) की मौत हो गई, जबकि बालिका की मां नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई। नेहा आठ माह की गर्भवती है और बिजनौर के निजी अस्पताल में भर्ती है।

नगीना देहात थाना क्षेत्र के गांव असलमपुर भुल्लन उर्फ गढ़ी निवासी अंकित महाराष्ट्र में परिवार के साथ रहकर गन्ने के कोल्हू पर मजदूरी करता था। शनिवार तड़के करीब तीन बजे वह पत्नी और तीन बेटियों के साथ नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचा। गांव जाने के लिए वाहन नहीं मिलने पर उसके पिता बक्शी, उमेश की ई-रिक्शा लेकर स्टेशन पहुंचे। इसके बाद परिवार ई-रिक्शा से गांव के लिए रवाना हुआ।

गांव किशनपुर आंवला के पास सामने से आए डंपर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डंपर ई-रिक्शा को काफी दूर तक घसीटता ले गया। वंशिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक उमेश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना में दो लोगों की मौत से परिवार में शोक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!