
बिजनौर, राष्ट्रीय पंचायत।
जनपद की खेल प्रतिभाएं अब सात समंदर पार अपनी धाक जमा रही हैं। इसी कड़ी में बिजनौर की उभरती हुई 14 वर्षीय तीरंदाज निष्ठा गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन पाकर जिले का नाम रोशन किया है। ग्राम शादीपुर निवासी विवेक गुप्ता की पुत्री निष्ठा का चयन भारतीय सब-जूनियर नेशनल कोचिंग कैंप के साथ-साथ तुर्की में आयोजित होने वाले विदेशी प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा दी गई इस सूचना के बाद निष्ठा के परिवार और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

जिला क्रीड़ा अधिकारी राजकुमार सिंह ने बताया कि निष्ठा का यह चयन पिछले महीने रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित जूनियर नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता के कंपाउंड वर्ग में उनके शानदार प्रदर्शन और उपविजेता बनने के आधार पर हुआ है। इससे पूर्व निष्ठा ने रांची में आयोजित एसजीएफआई खेलों में स्वर्ण पदक सहित तीन पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। अपनी तैयारी को पुख्ता करने के लिए निष्ठा एक माह का प्रशिक्षण भारत में प्राप्त करने के बाद आगामी 16 मार्च से 26 मार्च तक तुर्की में आयोजित विशेष विदेशी कैंप में हिस्सा लेंगी।

इस बड़ी उपलब्धि पर जिलाधिकारी श्रीमती जसजीत कौर ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि निष्ठा गुप्ता का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन बिजनौर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि निष्ठा जैसी बेटियां समाज के लिए प्रेरणा हैं और प्रशासन जिले की खेल प्रतिभाओं को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने भी विश्वास जताया कि निष्ठा के इस सफर से जनपद के अन्य युवा खिलाड़ियों को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलेगी।


