क्राइमटॉप न्यूज़बिजनौरयूपीलोकल न्यूज़

दुकान में लूटपाट और धमकी का आरोप

बिजनौर के खत्रियान मोहल्ले के व्यापारी ने शहर कोतवाली क्षेत्र के कुछ लोगों पर लगाया आरोप

बिजनौर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खत्रियान निवासी इंज़ाज अहमद ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपनी दुकान में लूटपाट, नकदी और सामान ले जाने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

प्रार्थना पत्र में उन्होंने कहा है कि वह चाय और होटल का व्यवसाय कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके अनुसार उन्होंने शहर के एक व्यक्ति की दुकान किराये पर लेकर कारोबार शुरू किया था। आरोप है कि किराये के विवाद के बाद कुछ लोगों ने दुकान का ताला तोड़कर लूटपाट की और गल्ले में रखी लगभग 50 हजार रुपये की नकदी, होटल का सामान तथा कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले गए।

इंज़ाज अहमद ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके भाई के हथियार के लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों को लेकर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।

प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि 25 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति ने उन्हें धमकी दी कि उसके प्रभाव और राजनीतिक पहुंच के कारण वह उन्हें झूठे मुकदमों में फंसा सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होने पर उसके लिए संबंधित लोग जिम्मेदार होंगे।

व्यापारी ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, शहर कोतवाली पुलिस को आवश्यक निर्देश देने तथा आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!