सपा का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन, बैरिकेड पार कर पहुंचे डीएम कार्यालय
महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा, सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप


बिजनौर। समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं तथा एसआईआर प्रक्रिया में कथित धांधली के विरोध में जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए, लेकिन सपा नेता अनुज मलिक बैरिकेड पार कर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गए और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर तक नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने सपा कार्यालय के बाहर बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, जबकि सपा नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर रोक बताया।
ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत में अनुज मलिक ने कहा कि सरकार समाजवादियों को कितना भी रोकने की कोशिश करे, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता जनता की आवाज बुलंद करते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के माध्यम से विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

“समाजवादी किसी भी बैरिकेड से रुकने वाले नहीं हैं। जनता के मुद्दों को लेकर हमारा संघर्ष जारी रहेगा।” — अनुज मलिक, सपा नेता
सपा नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन में पार्टी के विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री, पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के बाद पुलिस बल की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्वक ज्ञापन सौंपा और प्रशासन से मांगों पर कार्रवाई की अपेक्षा जताई।



