बिजनौर, 11 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार 12 जुलाई को जनपद बिजनौर के एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि मंत्री का भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है और प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कैबिनेट मंत्री पूर्वाह्न 10ः45 बजे स्वाहेड़ी मेडिकल कॉलेज के समक्ष चिन्हित स्थल पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। वृक्षारोपण के बाद वे जनपद से प्रस्थान करेंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मंत्री के दौरे को सकुशल एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि 12 जुलाई को जिले में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न विभागों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
