बिजनौर, 10 जुलाई। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि 12 जुलाई को होने वाले महाअभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में विभागवार पौध उठान की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि जिन विभागों ने अभी तक वन विभाग की नर्सरियों से अपने निर्धारित पौधे नहीं लिए हैं, वे तत्काल प्रक्रिया पूरी करें और पौधों को सुरक्षित स्थान पर संरक्षित रखें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग पौधारोपण के साथ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम भी आयोजित करे।
जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों, विकासखंडों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में जनभागीदारी के साथ उत्साहपूर्वक पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। अभियान में स्वयं सहायता समूह, गैर सरकारी संगठन, एनएसएस और एनसीसी की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान की प्रमुख बातें
12 जुलाई 2026
बिजनौर में लक्ष्य
76 लाख एक दिन में पौधे
प्रदेश में लक्ष्य
35 करोड़ एक दिन में पौधे
मॉडल
इलेक्शन मोड में संचालन
रिपोर्टिंग : हर घंटे प्रगति दर्ज
जिम्मेदारियां तय, हर घंटे होगी निगरानी
डीएम ने बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट गड्ढों की खुदाई, जियो-टैगिंग, पौध आपूर्ति, वितरण और सत्यापन की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि जोनल मजिस्ट्रेट और कोऑर्डिनेटर मौके पर आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करेंगे। अभियान की प्रगति प्रत्येक घंटे दर्ज की जाएगी और शाम तक कंट्रोल रूम के माध्यम से पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
स्वाहेडी में होगा मुख्य कार्यक्रम
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग बिजनौर ने बताया कि प्रदेशव्यापी अभियान के तहत 12 जुलाई को उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। बिजनौर में लगभग 76 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा और पूरे अभियान को “इलेक्शन मोड” में संचालित किया जाएगा।
राजकीय मेडिकल कॉलेज स्वाहेडी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि शासन की ओर से आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता विभाग योगेश कुमार को जनपद का नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
डीएम का संदेश
“यह केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प है। सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अभियान को सफल बनाएं।”

