
देहरादून, 12 सितंबर। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने कांग्रेस में अपने दो प्रमुख संगठनात्मक पदों से हटने की घोषणा की है। रावत ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के सदस्य तथा कांग्रेस कार्यसमिति (ब्ॅब्) के स्थायी आमंत्रित सदस्य के पद से इस्तीफा देने की घोषणा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा की। उनका यह निर्णय ऐसे समय आया है, जब उत्तराखंड में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं और प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस चुनावी तैयारियों के दौर से गुजर रही है।
रावत ने शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि को जारी अपनी विस्तृत सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कांग्रेस और उसके कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे समय में उनके किसी भी कृत्य अथवा उनसे जुड़े किसी विवाद के कारण पार्टी के इस अभियान को कमजोरी नहीं पहुंचनी चाहिए। इसी आधार पर उन्होंने दोनों संगठनात्मक पदों से हटने का निर्णय लिया है।
ईडी कार्रवाई का भी किया उल्लेख
रावत ने अपने सहयोगी चंदन सिंह जीना से जुड़े परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई को लेकर मीडिया में नकदी और आभूषण बरामद होने संबंधी खबरें प्रसारित हो रही हैं। रावत ने कहा कि मामले की वास्तविकता जल्द सामने आ जाएगी। उन्होंने अपने ऊपर किसी प्रकार के आरोप को स्वीकार नहीं किया है और अपने निर्णय को पार्टी के व्यापक राजनीतिक संघर्ष के संदर्भ में रखा है।
अपने पोस्ट में रावत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी के संघर्ष को किसी भी स्तर पर उनकी वजह से कमजोर नहीं होना चाहिए।
चुनाव से पहले महत्वपूर्ण राजनीतिक घटना
हरीश रावत का यह फैसला उत्तराखंड कांग्रेस की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रावत राज्य के प्रमुख कांग्रेस नेताओं में रहे हैं और मुख्यमंत्री के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। ऐसे में उनके संगठनात्मक पदों से हटने की घोषणा को केवल व्यक्तिगत निर्णय के रूप में देखने के बजाय आगामी विधानसभा चुनाव की पृष्ठभूमि में भी देखा जा रहा है।
हालांकि रावत ने अपनी पोस्ट में पार्टी छोड़ने की घोषणा नहीं की है। उन्होंने केवल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी और कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य पद से हटने की इच्छा व्यक्त की है।



