एक दिन में 66 लाख पौधे रोपेगा बिजनौर, प्रशासन ‘इलेक्शन मोड’ में
नोडल अधिकारी योगेश कुमार की दो टूक- जियो टैगिंग में लापरवाही नहीं चलेगी, हर पौधे का होगा रिकॉर्ड


बिजनौर, 11 जुलाई। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को लेकर बिजनौर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी योगेश कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पौधारोपण केवल लक्ष्य पूर्ति तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि लगाए गए हर पौधे का संरक्षण और जियो टैगिंग भी शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए।

बैठक में विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पौधों का उठान तय समय में पूरा कर उन्हें चिन्हित स्थलों पर सुरक्षित रखा जाए। ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की भागीदारी से अभियान को जनआंदोलन का रूप देने पर भी जोर दिया गया।
हरियाली महाअभियान के बड़े आंकड़े
वृहद वृक्षारोपण अभियान
कुल लक्ष्य 75,99,500 पौधे
पहले ही रोपे गए
9,81,000 पौधे
कल लगाए जाएंगे
66,18,500 पौधे
ड्रोन से होगी निगरानी, हर घंटे अपडेट
नोडल अधिकारी ने कहा कि पूरे अभियान की ड्रोन से वीडियो शूटिंग और उच्च गुणवत्ता की फोटोग्राफी कराई जाएगी। प्रत्येक लगाए गए पौधे की जियो टैगिंग कर उसका विवरण निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, ताकि अभियान की पारदर्शी मॉनिटरिंग हो सके।
‘इलेक्शन मोड’ में चलेगा अभियान
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी जय सिंह कुशवाहा ने बताया कि जनपद में कुल 75,99,500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित है। इनमें से 9,81,000 पौधे पहले ही लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष 66,18,500 पौधे रविवार को होने वाले महाअभियान में रोपे जाएंगे।
डीएम ने दिया भरोसा
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि शासन और नोडल अधिकारी के सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जाएगा। लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति के साथ पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की भी प्रभावी व्यवस्था की जाएगी, ताकि अधिकतम पौधे जीवित रह सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह तथा उप जिलाधिकारी सदर रितु रानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।