कचरे का पहाड़ ढहने से 30 मरे

नई दिल्ली,24 अगस्त। गिनी की राजधानी कोनाक्री में भारी बारिश के बाद कचरे का पहाड़ ढहकर आसपास के घरों पर जा गिरा, इस हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 22 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा शहर के डार-एस-सलाम इलाक़े में स्थानीय समयानुसार रात क़रीब दो बजे हुआ। गिनी सरकार के मुताबिक़, भारी बारिश के बाद कचरे का ढेर अचानक ढह गया, जिसके मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। सरकार ने राहत और बचाव अभियान के लिए सेना समेत बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को मौके पर तैनात किया है।
स्थानीय मीडिया से बातचीत में एक महिला ने बताया कि हादसे में उसके पांच बच्चों की मौत हो गई। अधिकारियों को आशंका है कि मलबे के नीचे और लोग दबे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे गिनी के प्रधानमंत्री अमादौ ओउरी बा ने स्थिति का जायज़ा लिया। इससे पहले स्थानीय नेता लांसिने सिला ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया था कि हादसे में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि अब तक 18 शवों को निकालकर मुर्दाघर भेजा जा चुका है।


