

मुरादाबाद मंडलायुक्त संगीता सिंह (फाइल फोटो)
मुरादाबाद 24 अगस्त।उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार की देर रात 17 आईएएस अधिकारियों को इधर-उधर किया है इसी क्रम में मुरादाबाद और अलीगढ़ में नए मंडलायुक्तों की तैनाती की गई है। मुरादाबाद में अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को और ओम प्रकाश आर्य सदस्य (न्यायिक) राजस्व परिषद प्रयागराज से अलीगढ़ का मंडलायुक्त बनाया गया है। मुरादाबाद मंडलायुक्त का पद खाली था। यहां सिक्किम काडर के आंजनेय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति अवधि 14 अगस्त को समाप्त हो गई थी और वह छुट्टी पर चल रहे थे। इसके साथ ही उनकी प्रतिनियुक्ति बढ़ाए जाने संबंधी कयासों पर विराम लग गया है।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां के खिलाफ कार्रवाई आंजनेय कुमार सिंह के रामपुर का डीएम और मुरादाबाद का मंडलायुक्त रहते हुए की गई थी। वर्तमान सत्ताप्रतिष्ठा के नजदीक होेने के कारण माना जा रहा था कि 2027 के शुरू में होने वाले विधानसभा चुनाव के चलते उनको एक और विस्तार मिल सकता है। पर अब उनको अपने मूल काडर सिक्किम लौटना पड़े। आंजनेय कुमार 2005 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, उन्हें 15 फरवरी 2015 को उत्तर प्रदेश में प्रतिनियुक्ति पर तैनाती मिली थी। इसके बाद से लगातार विस्तार मिलता रहा। उनकी प्रतिनियुक्ति अवधि इसी माह 14 अगस्त को समाप्त हुई। इसके बाद वह छुट्टी पर चल रहे थे।
सूत्रों का कहना है कि आंजनेय कुमार सिंह ने मुरादाबाद मंडलायुक्त के पद पर रहते हुए रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को गिराए जाने के रामपुर विकास प्राधिकरण के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी थी। इसको लेकर भी नाराजगी बताई जा रही थी। हालांकि, मो. आजम खां के खिलाफ कार्रवाई उनके रामपुर का डीएम और मुरादाबाद का मंडलायुक्त रहते हुए हुई थी।


