

बिजनौर, 12 सितंबर। जनपद में वेटलिफ्टिंग और पावरलिफ्टिंग खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला खेल कार्यालय एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में ‘महात्मा विदुर प्रथम वेटलिफ्टिंग एवं पावरलिफ्टिंग अंडर-18 बालक/बालिका एवं ओपन महिला/पुरुष प्रतियोगिता-2026’ का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए जिला क्रीड़ाधिकारी राजकुमार ने बताया कि प्रतियोगिता लॉर्ड शिवा बैंक्वेट हॉल, नूरपुर रोड, बिजनौर में होगी। प्रतियोगिता का प्रमुख आकर्षण 75,200 रूपये की पुरस्कार राशि है। उन्होंने कहा कि, बिजनौर में वेटलिफ्टिंग एवं पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में पहली बार इतनी बड़ी प्राइज मनी रखी गई है। प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
जिला क्रीड़ाधिकारी राजकुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में अंडर-18 बालक एवं बालिका तथा ओपन महिला एवं पुरुष वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। इसके अलवा आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी। जिला क्रीड़ाधिकारी राजकुमार ने कहा कि पहली बार इतनी बड़ी पुरस्कार राशि के साथ प्रतियोगिता का आयोजन जनपद के उभरते खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेगा। इससे वेटलिफ्टर और पावरलिफ्टर अपनी प्रतिभा को बेहतर मंच पर प्रदर्शित कर सकेंगे।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि इस प्रतियोगिता से युवाओं को खेलों से जोड़ने और जनपद की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। ऐसी प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
जिला क्रीड़ाधिकारी राजकुमार अनुसार, प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के इच्छुक खिलाड़ियों को 20 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन लिंक के माध्यम से एंट्री कराना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी के लिए स्टेडियम में अंशकालिक मानदेय प्रशिक्षक (भारोत्तोलन) विशाल कुमार तथा विशेष जानकारी के लिए हिमांशु, कनिष्ठ सहायक, जिला खेल कार्यालय बिजनौर से संपर्क कर सकते हैं।


