
बिजनौर। जनपद बिजनौर में रविवार, 1 नवंबर 2026 को बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित यह शिविर सुबह 10 बजे से इंदिरा बाल भवन, नुमाइश ग्राउंड के निकट लगाया जाएगा। शिविर के माध्यम से लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के तहत आयोजित इस शिविर का संचालन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय कुमार सप्तम के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव स्वाति चंद्रा ने बताया कि शिविर में विधिक जागरूकता शिविर भी लगाया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।
पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की तैयारी
शिविर में जनपद के विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी प्रतिभाग करेंगे। संबंधित विभागों की ओर से शिविर से पहले ही लाभार्थियों का चिह्नीकरण किया जा चुका है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सके।
विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। इसमें विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है।
कई विभागों के अधिकारी करेंगे प्रतिभाग
विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट एवं मेगा शिविर के नोडल अधिकारी लोकेश नागर की अध्यक्षता में शिविर की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकें की जा चुकी हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव स्वाति चंद्रा के संचालन में अभियान को सफल बनाने के लिए कृषि, वन, नगरीय विकास विभाग (डूडा), चिकित्सा, जिला प्रोबेशन, समाज कल्याण, मत्स्य, उद्योग, डाक, परिवहन, नगर पालिका, श्रम और दिव्यांगजन सशक्तीकरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय किया गया है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 1 नवंबर को इंदिरा बाल भवन में आयोजित होने वाले शिविर में पहुंचकर उपलब्ध विधिक सहायता और सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाओं का लाभ उठाएं।

