स्पेन में दो हाईस्पीड ट्रेनों की टक्कर, 64 लोगों की मौत
500 से अधिक यात्री थे सवार, कई डिब्बे पटरी से उतरे; राहत-बचाव अभियान जारी

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर। स्पेन में बुधवार सुबह दो हाईस्पीड ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 64 लोगों की मौत हो गई। हादसा राजधानी मैड्रिड से करीब 150 किलोमीटर दक्षिण में टोलेडो प्रांत के उर्दा और लॉस येबेनेस के बीच हुआ। दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए हैं। राहत एवं बचाव अभियान जारी है और मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।
दो ट्रेनों में 544 यात्री सवार
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में सरकारी रेल कंपनी रेन्फे की एवीई हाईस्पीड ट्रेन और निजी कंपनी इर्याे की ट्रेन शामिल थीं। दोनों ट्रेनें मैड्रिड और सेविया के बीच चल रही थीं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इर्याे ट्रेन में 147 और रेन्फे की ट्रेन में 397 यात्री सवार थे। इस तरह दोनों ट्रेनों में कुल 544 यात्री यात्रा कर रहे थे।
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, एक ट्रेन दूसरी ट्रेन से टकरा गई, जिसके बाद कई डिब्बे पटरी से उतर गए। कुछ डिब्बे रेलवे ट्रैक के किनारे ढलान पर जा गिरे। दुर्घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में क्षतिग्रस्त डिब्बे, बिखरा मलबा और राहत कार्य में जुटे बचावकर्मी दिखाई दे रहे हैं।
रेल सेवाएं रोकी गईं, इमरजेंसी सेवाएं एलर्ट
हादसे के बाद मैड्रिड, स्यूदाद रियल और दक्षिणी स्पेन के आंदालुसिया क्षेत्र के बीच रेल सेवाएं निलंबित कर दी गईं। बचाव कार्य में आपातकालीन सेवाओं, दमकलकर्मियों, पुलिस और चिकित्सा दलों को लगाया गया। घायलों के उपचार के लिए आसपास के अस्पतालों में व्यवस्थाएं बढ़ाई गईं। स्पेन में रक्तदान की अपील किए जाने की भी खबर है।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख
स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि वह संबंधित अधिकारियों और परिवहन मंत्री के संपर्क में हैं। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। हादसे के बाद कई राजनीतिक कार्यक्रम भी रद्द किए गए।
राजनीतिक कार्यक्रम रद्द
हादसे के बाद स्पेन की ज्यादातर राजनीतिक पार्टियों ने बुधवार के लिए तय अपने चुनावी कार्यक्रम रद्द कर दिए है। प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ और सरकार के सदस्यों ने अपने सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए और हादसे के हालात पर नज़र रख रहे हैं.
विपक्षी कंज़र्वेटिव नेता अल्बेर्ताे नूनेज़ फ़ेइखोओ और 29 नवंबर को होने वाले आम चुनाव में शामिल ज़्यादातर उम्मीदवारों ने भी अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए. दुर्घटना की वजह को लेकर अभी जांच जारी है। शुरुआती रिपोर्टों में एक ट्रेन के दूसरी ट्रेन से पीछे से टकराने की बात सामने आई है।



