टॉप न्यूज़देशबिजनौरयूपी

महिला की गला घोंटकर हुई थी हत्या, डेढ़ साल का बेटा लापता

नूरपुर में रामगंगा पोषक नहर के पास मिला था अधजला शव, पोस्टमार्टम में गला घोंटने से मौत की पुष्टि; रिश्तेदार पर पुलिस का शक, कई लोगों से पूछताछ

बिजनौर/नूरपुर। नूरपुर थाना क्षेत्र में रामगंगा पोषक नहर के पास गन्ने के खेत में बुधवार 23 सितंबर सुबह गन्नेे के खेत में अधजली मिली महिला के शव की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान उषा (25) पत्नी अनिल निवासी नवलपुर गंगा बैराज, बिजनौर के रूप में हुई है। शव के पास ही उनकी तीन वर्षीय बेटी वाणी रोती हुई मिली थी। बच्ची का अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं, महिला का करीब डेढ़ साल का बेटा लापता है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या गला घोंटकर किए जाने की आशंका पहले ही जताई गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी उषा की मौत का कारण गला घोंटना सामने आया है। शव की पहचान होने के बाद पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

नहर के पास मिला था शव

बुधवार सुबह नूरपुर थाना क्षेत्र में रामगंगा पोषक नहर के पास महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। शव के आसपास तलाशी के दौरान उसकी तीन वर्षीय बेटी वाणी मिली थी। बच्ची रो रही थी और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला घोंटने से होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने हत्या के पहलू पर जांच तेज कर दी।

पति होटल में करता है मजदूरी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उषा का पति अनिल पिछले कुछ समय से चांदपुर-स्याऊ क्षेत्र के एक होटल में मजदूरी करता है। बताया गया है कि परिवार वहीं किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि महिला का मायका चांदपुर क्षेत्र में है, जबकि उसकी ससुराल शहर कोतवाली क्षेत्र में बताई गई है।

डेढ़ साल का बेटा लापता, तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, बच्चा घटना के बाद से लापता है। उसकी तलाश के लिए संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय महिला के साथ कौन-कौन लोग थे और बच्चे को आखिरी बार किसके साथ देखा गया था।

तीन से चार लोगों से पूछताछ

सीओ देश दीपक सिंह के अनुसार, पुलिस ने मामले में तीन से चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में महिला के एक रिश्ते के भाई पर हत्या में शामिल होने का शक है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी आरोपी की भूमिका की अंतिम पुष्टि नहीं की है। पुलिस महिला के मोबाइल फोन, उसके परिचितों, पारिवारिक संबंधों और घटना से पहले की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि महिला की पहचान उषा निवासी नवलपुर गंगा बैराज के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम में मौत गला घोंटने से होने की पुष्टि हुई है। मामले की जांच की जा रही है और लापता बच्चे की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!