
बिजनौर, 11 सितंबर। उत्तर प्रदेश विधानसभा की सरकारी आश्वासन संबंधी समिति की उपसमिति ने शुक्रवार को जिले में रावली गंगा तटबंध, धर्मनगरी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय तथा जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। समिति में संयोजक विधानसभा सदस्य इकबाल महमूद के साथ राम खिलाड़ी सिंह यादव, राजेंद्र कुमार और मनोज कुमार प्रजापति शामिल रहे।

रावली गंगा तटबंध के निरीक्षण के दौरान समिति सदस्यों ने तटबंध से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। संबंधित विभागीय अधिकारी ने बताया कि करीब 35 करोड़ रुपये की परियोजना पूरी की जा चुकी है और तटबंध का निर्माण विशेष तकनीकी से कराया गया है। अधिकारी के अनुसार संबंधित ठेकेदार को अब तक 9 करोड़ 25 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। समिति ने परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) उपलब्ध कराने के निर्देश सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को दिए।

इसके बाद समिति ने धर्मनगरी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। सदस्यों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से पहाड़े भी सुने। समिति सदस्यों ने छात्राओं को शिक्षा के प्रति गंभीर रहने तथा भविष्य में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान समिति सदस्यों ने विभिन्न वार्डों, ओपीडी, इमरजेंसी, किचन और डिस्पेंसरी सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा बेड की चादरें नियमित रूप से बदलने के निर्देश दिए। समिति ने अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता और ड्यूटी व्यवस्था की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर स्मृति मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की प्रधानाचार्य चौधरी ललिता सहित चिकित्सक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


