फतेहपुर, 11 सितंबर। प्रदेश के फतेहपुर जिले की बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से नाराज ग्रामीणों ने एक निजी मोबाइल कंपनी के इंजीनियर को रस्सी से मोबाइल टावर में बांध दिया। ग्रामीणों ने कंपनी के उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने इंजीनियर को छोड़ दिया था।
जानकारी के अनुसार, हरदौली गांव में निजी मोबाइल कंपनी का टावर लगा होने के बावजूद ग्रामीणों को नेटवर्क और इंटरनेट की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार शाम करीब पांच बजे कंपनी का इंजीनियर गांव पहुंचा। ग्रामीणों ने उसे घेरकर नेटवर्क की समस्या दूर करने की मांग की। इंजीनियर ने कथित तौर पर बताया कि समस्या उसके स्तर से ठीक नहीं हो सकती। इस पर वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसे रस्सी से टावर में बांध दिया।
ग्रामीणों ने कंपनी के अधिकारियों को वीडियो भेजकर मौके पर आने की मांग की। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक इंजीनियर को मुक्त किया जा चुका था।
कोतवाली प्रभारी शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो प्रसारित होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने इंजीनियर से शिकायत देने को कहा, लेकिन उसने ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया और कहा कि ग्रामीण मोबाइल नेटवर्क की समस्या से परेशान हैं।

