जिले के सभी विकास खंडों में होंगे श्री अन्न कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम
13 से 15 जुलाई तक 11 विकास खंडों में किसानों को दी जाएगी वैज्ञानिक खेती की जानकारी
बिजनौर, 10 जुलाई। जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देशन में उत्तर प्रदेश श्री अन्न (मिलेट्स) पुनरोद्धार कार्यक्रम (राज्य सेक्टर) वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद के सभी 11 विकास खंडों में विकास खंड स्तरीय श्री अन्न (मिलेट्स) कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य किसानों को श्री अन्न की वैज्ञानिक खेती, उत्पादन तकनीकों, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, उपयोगिता तथा पोषण संबंधी महत्व की जानकारी उपलब्ध कराना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि कृषि विभाग की कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक विकास खंड में लगभग 100 किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में विशेष रूप से उन किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्हें वर्तमान वर्ष में श्री अन्न के निःशुल्क मिनी किट उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन एवं आय में वृद्धि कर सकें।
उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों, कृषि विभाग के अधिकारियों एवं नामित आयोजनकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करते हुए कार्यक्रमों का सफल आयोजन कराया जाए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे संबंधित विकास खंडों में आयोजित होंगे। इनमें कृषि वैज्ञानिक एवं विभागीय विशेषज्ञ किसानों को श्री अन्न की विभिन्न फसलों की उन्नत खेती, वैज्ञानिक उत्पादन तकनीक, फसल प्रबंधन, विपणन, प्रसंस्करण तथा पोषण संबंधी लाभों की विस्तृत जानकारी देंगे।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निकटतम विकास खंड में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर नवीनतम तकनीकों की जानकारी प्राप्त करें तथा सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाएं।
