भूजल बचाने को मिशन मोड, 16 से 22 जुलाई तक चलेगा ‘भूजल सप्ताह’
डीएम जसजीत कौर ने सभी निकायों और ग्राम पंचायतों में जागरूकता अभियान चलाने के दिए निर्देश


बिजनौर। जनपद में भूजल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में 16 से 22 जुलाई तक ‘भूजल सप्ताह’ मनाने का निर्णय लिया गया। इस वर्ष अभियान की थीम “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” रखी गई है।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश में लगभग 70 प्रतिशत सिंचाई, 80 प्रतिशत पेयजल आपूर्ति और 85 प्रतिशत औद्योगिक जलापूर्ति भूजल पर निर्भर है। लगातार बढ़ते दोहन के कारण कई क्षेत्रों में भूजल स्तर तेजी से गिर रहा है, जबकि नगरीय क्षेत्रों की स्थिति और अधिक चिंताजनक है। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक शरदपाल सिंह, डीसीजी राम जी आरबी यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे
बिजनौर प्रशासन का यह अभियान भूजल संकट को लेकर बढ़ती चिंता का संकेत है। यदि गांवों और शहरों में वर्षा जल संचयन, तालाब संरक्षण और जल बचत तकनीकों को जनभागीदारी के साथ लागू किया गया, तो यह आने वाले वर्षों में जल संकट कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

गांव से शहर तक चलेगा अभियान
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों, विकास खंडों, नगर पंचायतों और नगर पालिका परिषदों में मिशन मोड पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। अभियान के तहत रैलियां, गोष्ठियां, शपथ ग्रहण, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं, पौधरोपण तथा जल स्रोतों की सफाई कराई जाएगी।
भूजल सप्ताह में प्रमुख गतिविधियां
(16–22 जुलाई तक)
- जागरूकता रैली
- शपथ ग्रहण कार्यक्रम
- निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता
- पौधरोपण अभियान
- तालाब व जल स्रोतों की सफाई
- वर्षा जल संचयन जागरूकता
इन तकनीकों को मिलेगा बढ़ावा
बैठक में वर्षा जल संचयन, तालाबों और जलाशयों के संरक्षण, चेकडैम निर्माण एवं जीर्णोद्धार, ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई, मल्चिंग तथा धान की सीधी बुवाई जैसी जल संरक्षण तकनीकों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।
हर बूंद की कीमत समझाने पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझाना जरूरी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

