जलभराव पर प्रशासन अलर्ट… संभावित जलभराव और दुर्घटनाओं वाली जगहों का निरीक्षण
- जसजीत कौर ने आवास विकास, बुखारा कॉलोनी और शिवाजी नगर का लिया जायजा; सड़क निर्माण और ट्रांसफार्मर सुरक्षा के दिए सख्त निर्देश


बिजनौर, 10 जुलाई। मानसून के दौरान संभावित जलभराव और दुर्घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने शुक्रवार को आवास विकास, बुखारा कॉलोनी और वार्ड संख्या-12 शिवाजी नगर का अचानक निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं की स्थिति परखी।

निरीक्षण के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव नहीं मिला, लेकिन डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि बारिश के मौसम में थोड़ी भी लापरवाही आमजन के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। उन्होंने नालों की नियमित सफाई, जल निकासी की निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिवाजी नगर में उन्होंने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत प्रस्तावित सड़कों का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने को कहा। साथ ही संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सफाई व्यवस्था और जलभराव नियंत्रण को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। बुखारा स्थित सरकारी कॉलोनी में सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर को लेकर डीएम ने विशेष चिंता जताई और उसके चारों ओर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था कराने के आदेश दिए, ताकि बारिश के दौरान किसी भी दुर्घटना की आशंका न रहे।

निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंशिका दीक्षित, नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता (सिविल) यशवंत कुमार, अवर अभियंता (जल) गौरव शर्मा तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक गोविन्द चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जल निकासी, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई करनी होगी।