
मिर्जापुर। द बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया (भारतीय बौद्ध महासभा) के तत्वावधान में वर्षावास कार्यक्रम के अंतर्गत 27 सितंबर 2026 को ग्राम रमापुरा/कछवां बाजार, जनपद मिर्जापुर में विशेष बौद्ध धम्म कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का प्रमुख विषय “डॉ. बाबासाहब आंबेडकर बोधिसत्व कैसे बने” रखा गया है।
कार्यक्रम प्रातः 11:30 बजे आयोजित होगा। इसमें भिक्खु संघ, चैत्य भूमि दादर, मुंबई के राष्ट्रीय सचिव पूज्य भन्ते विनय दत्त के नेतृत्व में त्रिशरण एवं पंचशील ग्रहण के साथ धम्म देशना दी जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में डॉ. बाबासाहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन, उनके सामाजिक संघर्ष, बौद्ध धम्म की ओर उनके ऐतिहासिक कदम तथा मानवतावादी एवं समतामूलक समाज की स्थापना के उनके विचारों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में मा. रामकुमार व्यास, प्रांतीय कोषाध्यक्ष, पूर्वांचल उत्तर प्रदेश तथा डॉ. रामदुलार बौद्ध, प्रांतीय कार्यालय सचिव, पूर्वांचल उत्तर प्रदेश प्रवचनकार के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मा. संघप्रिय बंशराज बौद्ध, अध्यक्ष, वाराणसी द्वारा की जाएगी।
कार्यक्रम की आयोजन एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी मा. विनोद कुमार, जिला प्रशासनिक अधिकारी को सौंपी गई है।
आयोजकों ने बौद्ध अनुयायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं धम्म में रुचि रखने वाले लोगों से कार्यक्रम में सहभागिता करने का आह्वान किया है।

