टॉप न्यूज़बिजनौरयूपीशिक्षा

दिव्यांगजनों को राज्य निधि से मिलेगी आर्थिक सहायता, बिजनौर में आवेदन आमंत्रित

- खेल, शिक्षा, चिकित्सा, पुनर्वास और उपकरण खरीद सहित आठ मदों में मिलेगा लाभ, वर्ष 2026-27 के लिए शुरू हुई प्रक्रिया

बिजनौर, 8 जुलाई।
जिले के दिव्यांगजनों के लिए राज्य निधि से आर्थिक सहायता प्राप्त करने का अवसर है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र दिव्यांगजनों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत खेल, शिक्षा, चिकित्सा, पुनर्वास, विशेष उपकरणों की खरीद और स्वरोजगार से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार उत्तर प्रदेश के दिव्यांगजनों को राज्य निधि के माध्यम से आठ प्रमुख मदों में आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके तहत दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित चित्रकला, हस्तशिल्प एवं अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित करने, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल, कला, संगीत, नृत्य, साहित्य, रंगमंच और फिल्म प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी।

इसके अलावा गंभीर दिव्यांगजनों के लिए हाई सपोर्ट नीड इंस्ट्रूमेंट (High Support Need Instrument) खरीदने, कैंसर, थैलेसीमिया, प्लास्टिक एनीमिया, बहुक्लेरोसिस जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार, जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन, दिव्यांग विद्यालयों में विज्ञान एवं मनोविज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना, खेल सुविधाओं के विकास तथा पुनर्वास से संबंधित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कार्यशालाओं के आयोजन के लिए भी आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि इच्छुक एवं पात्र दिव्यांगजन शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक अभिलेखों सहित अपने आवेदन जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, बिजनौर में जमा कर सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद प्रस्ताव निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश को भेजे जाएंगे। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने अधिक जानकारी के लिए लाभार्थियों से विकास भवन स्थित कार्यालय में संपर्क करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!