

बिजनौर, 17 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बिजनौर एवं चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1003 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, आवास की चाबी, स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र, आयुष्मान कार्ड एवं टूलकिट वितरित किए।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया, पौधरोपण किया तथा महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन कराया।

गंगा एक्सप्रेस-वे हरिद्वार तक बढ़ाने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बिजनौर महात्मा विदुर की पावन तपोभूमि है और यह जनपद तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने गंगा एक्सप्रेस-वे को बिजनौर से हरिद्वार तक विस्तारित करने की घोषणा करते हुए कहा कि सड़क, पुल और फ्लाईओवर जैसी विकास परियोजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

किसानों और उद्योगों पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना उत्पादन के लिए प्रसिद्ध बिजनौर के किसानों को समय पर गन्ना मूल्य भुगतान सुनिश्चित कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार किसान कर्जमाफी, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, निःशुल्क राशन योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों और जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचा रही है।
उन्होंने कहा कि बेल्जियम की अग्रिस्ट मासा सहित कई घरेलू और विदेशी कंपनियों ने बिजनौर में निवेश किया है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

मेडिकल और नर्सिंग शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग कॉलेज और छात्रावास के लोकार्पण से जनपद की बेटियों को नर्सिंग शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही पर्यटन, पेयजल, सड़क, पुल और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, सांसद चंदन चौहान, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह और विधायक सूचि चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, एमएलसी अशोक कटारिया, अशोक कुमार राणा, ओम कुमार, कुँवर सुशांत सिंह, जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा और मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
