मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियां युद्धस्तर पर, डीएम ने की समीक्षा
बिजनौर में 17 जुलाई को वर्धमान डिग्री कॉलेज में आयोजित हो रहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम


बिजनौर। जनपद में 17 जुलाई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कलेक्ट्रेट स्थित विदुर सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड की व्यवस्थाएं तत्काल पूर्ण कराने, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण तथा झाड़ियों की कटाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल, शौचालय, मोबाइल टॉयलेट, एंबुलेंस और मेडिकल टीम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में संबंधित विभागों को लोकार्पण एवं शिलान्यास से जुड़ी परियोजनाओं की सूची, लाभार्थियों की सूची तथा प्रमाण पत्र, टूलकिट और चेक वितरण की तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा विभिन्न विभागों को जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के बाद सभी विभाग हरकत में आ गए। और, सुबह से शाम तक युद्ध स्तर पर सभास्थल में मंच और टैंट आदि तैयार करने का कार्य युद्ध स्तर पर चलता रहा।
पुलिस लाइन में हेलीकाप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री जिस मार्ग से गुजरेंगे, उस मार्ग की सड़कों को सफाईकर्मियों की फौज लगाकर चमका दिया गया। तुरत-फुरत सड़कों के गड्ढे भरवाए गए। चौराहों और सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइटों को दुरूस्त किया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कोई कमी न रह जाए, इस बाद की हिदायत के साथ अधिकारियों के निर्देशन में कर्मचारी लगे हुए हैं।
देर रात तक सभास्थल पर तैयारियां जारी थी। जनपद के विभिन्न पुलिस थानों की फोर्स भिन्न भिन्न मोर्चों पर सुरक्षा और सुव्यवस्था के लिए तैनात कर दी गई है। सभास्थल वर्धमान कॉलेज के तीनों गेटों की सफाई और मरम्मत आदि कराकर सड़क तक बिछा दी गई हैं। ताकि, सीएम की सभा में आने वाली जनता को कोई पेरशानी न हो। और, किसी तरह की व्यवस्था न बिगड़ जाए।

