नजीबाबाद (बिजनौर)। महापुरुषों के विचारों, आदर्शों और सामाजिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 15 नवंबर 2026 को बुद्ध-अंबेडकर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता परीक्षा-2026 का आयोजन किया गया। दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया (पंजीकरण संख्या-3227/55) की शाखा मंडल मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश पश्चिम के तत्वावधान में यह परीक्षा डॉ. बी.आर. अंबेडकर जूनियर हाईस्कूल, ढाकी सांधो, नजीबाबाद, जनपद बिजनौर में संपन्न हुई।
प्रतियोगिता में तथागत गौतम बुद्ध, भारत रत्न बोधिसत्व बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, संत शिरोमणि गुरु रविदास और राष्ट्रपिता महात्मा ज्योतिबा फुले सहित अन्य महापुरुषों के व्यक्तित्व, कृतित्व, विचारों एवं सामाजिक योगदान से संबंधित सामान्य ज्ञान के प्रश्न शामिल किए गए। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ परीक्षा में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया।
परीक्षा का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मुख्य परीक्षक श्रद्धेय जय सिंह बौद्ध के मार्गदर्शन में किया गया। परीक्षा केंद्र प्रभारी के रूप में मंडल महासचिव मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश पश्चिम श्रद्धेय कमल कुमार ने जिम्मेदारी निभाई। परीक्षा सहयोगी के रूप में मंडल अध्यक्ष श्रद्धेय धर्मपाल सिंह बौद्ध तथा परीक्षा पर्यवेक्षक के रूप में नजीबाबाद बार संघ के पूर्व महासचिव श्रद्धेय राजेंद्र कुमार एडवोकेट उपस्थित रहे।
परीक्षा को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में परीक्षा व्यवस्थापक एवं प्रधानाचार्य श्रद्धेय तिलकराम, विजेंद्र सिंह, श्रद्धेय डूंगर सिंह तथा श्रद्धेय अरिहंत गौतम सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य नई पीढ़ी को महापुरुषों के संघर्ष, शिक्षा, समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व, करुणा और सामाजिक न्याय के विचारों से परिचित कराना है। ऐसी परीक्षाएं विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ वैचारिक जागरूकता और महापुरुषों के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित करती है।


