बिजनौर, 24 जून। जनपद के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत 15.40 करोड़ रुपये की लागत से तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इन्वेस्ट यूपी द्वारा स्वीकृत इन परियोजनाओं के अंतर्गत चांदपुर, नगीना और नजीबाबाद क्षेत्र में कुल 7.85 किलोमीटर सड़क का निर्माण एवं चौड़ीकरण किया जाएगा। इससे जिले में 663.70 करोड़ रुपये के औद्योगिक निवेश को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी और माल परिवहन पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा।
बिन्दल पेपर मिल मार्ग बनेगा फोरलेन
योजना के सबसे बड़े प्रोजेक्ट के तहत चांदपुर तहसील के चांगीपुर स्थित बिन्दल पेपर मिल्स तक जाने वाले 2.30 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण कर उसे फोरलेन स्टेट हाईवे से जोड़ा जाएगा। गोहावर चौक-केमरी शफुद्दीन रोड से चांदपुर पॉलिटेक्निक तक बनने वाली इस सड़क पर 4.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बिन्दल पेपर मिल में लगभग 660 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, ऐसे में नई सड़क से उद्योग को सीधा लाभ मिलेगा।
नगीना में 10 करोड़ से पांच किलोमीटर सड़क होगी मजबूत
नगीना तहसील में औरंगजेबपुर-मोहम्मदाबाद हरेवली रोड पर रामलीला तिराहे से बेनीपुर गांव तक पांच किलोमीटर सड़क का 10 करोड़ रुपये की लागत से सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस मार्ग से क्षेत्र के औद्योगिक एवं व्यावसायिक परिवहन को नई गति मिलेगी। यहां संचालित नगीना बेवरेजेज इकाई को भी बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
नजीबाबाद में बनेगी नई संपर्क सड़क
नजीबाबाद तहसील के शाहनपुरा गांव में रामपाल कंस्ट्रक्शन के समीप 0.55 किलोमीटर लंबी नई सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर 1.10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नई सड़क बनने से औद्योगिक इकाइयों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों की आवाजाही भी आसान होगी।
किसानों और आम जनता को भी मिलेगा सीधा लाभ
सड़क परियोजनाओं से केवल उद्योगों को ही नहीं, बल्कि किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा। गांवों की कनेक्टिविटी मुख्य मार्गों और स्टेट हाईवे से बेहतर होने से कृषि उपज को मंडियों तक पहुंचाना आसान होगा। साथ ही यातायात सुगम होने, परिवहन लागत कम होने और सड़क सुरक्षा में भी सुधार की उम्मीद है।
जिलाधिकारी की संस्तुति पर इन्वेस्ट यूपी द्वारा स्वीकृत इन परियोजनाओं को जनपद के औद्योगिक विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


