“संविधान की मूल भावना के अनुरूप काम कर रही भाजपा सरकार”
भाजपा के राज्य मुख्यालय पर झंडारोहण के बाद प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने जनसमूह को संबोधित
- संवाददाता, राष्ट्रीय पंचायत
लखनऊ, 26 जनवरी 2026।
देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लखनऊ स्थित पार्टी के राज्य मुख्यालय पर झंडारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।झंडारोहण के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह दिन केवल एक तिथि नहीं, बल्कि देश की संवैधानिक व्यवस्था की मजबूती के संकल्प और अमर बलिदानियों के त्याग को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के साथ भारत गणतंत्र बना और वही संविधान आज भी देश की आत्मा और मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों से केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में लगभग 09 वर्षों से भाजपा सरकार संविधान की मूल भावना के अनुरूप कार्य कर रही है।

- उनके अनुसार इन वर्षों में गरीबों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर सशक्तिकरण किया गया, वहीं वैश्विक मंच पर भारत का मान और सम्मान भी बढ़ा है। उन्होंने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, विज्ञान और प्रौद्योगिकी में प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग भारत की वैज्ञानिक क्षमता का प्रतीक है। पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा की स्थापना सत्ता के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के उद्देश्य से हुई है और सरकार की योजनाओं में यह स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं तथा देश की थल, जल और वायु सेना के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि इनके बलिदानों से ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। साथ ही उन्होंने अर्धसैनिक बलों और पुलिस बल के योगदान को भी सराहा।
संविधान संशोधनों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में किए गए सभी संशोधन संविधान की मूल अवधारणा और राष्ट्रहित के अनुरूप रहे हैं। एक देश-एक कर व्यवस्था, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति और महिलाओं को आरक्षण जैसे निर्णयों को उन्होंने ऐतिहासिक बताया।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस संविधान की गरिमा, लोकतंत्र की शक्ति और राष्ट्र सेवा के दायित्व का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित न्याय, समानता और बंधुत्व का भाव ही भारत की आत्मा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर और स्वावलंबी भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहा है।कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष कान्ता कर्दम, बृज बहादुर, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, संजय राय, रामप्रताप चौहान, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह, अर्चना मिश्रा, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु दुबे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गणतंत्र दिवस के अवसर पर भाजपा नेताओं ने संविधान के सम्मान और विकसित भारत के निर्माण में सहभागिता का संकल्प दोहराया।