टॉप न्यूज़यूपीराजनीति

संविधान ही देश की प्राणवायु, उसे बदलने की साजिश के खिलाफ कांग्रेस अडिग : अजय राय

गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय पर ध्वजारोहण के बाद बोले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

संवाददाता, राष्ट्रीय पंचायत
लखनऊ, 26 जनवरी 2026।
देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में परंपरागत और गरिमामय वातावरण में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने झंडारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और प्रदेशवासियों तथा कांग्रेसजनों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ से हुई, जबकि ध्वज रक्षक की भूमिका सेवादल के मुख्य संगठक डॉ. प्रमोद कुमार पाण्डेय ने निभाई।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि 77वां गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति संकल्प दोहराने का दिन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसे भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जहां जाति, धर्म, लिंग या किसी भी प्रकार के भेदभाव के बिना हर नागरिक को समान अवसर और सम्मान मिले।

उन्होंने कामना की कि भारतीय गणतंत्र और अधिक सशक्त बने तथा निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़े। अजय राय ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब भाजपा और संघ देश के संविधान को बदलकर एक नई व्यवस्था थोपने की तैयारी में हैं, तब जननायक राहुल गांधी एक अटल चट्टान की तरह इस तानाशाही सोच के खिलाफ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि संविधान इस देश के आम नागरिक की प्राणवायु है और उसे बचाए रखने के लिए कांग्रेसजन संघर्षरत हैं।

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस इस लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कांग्रेस नेताओं ने इस अवसर पर यह भी संदेश दिया कि आने वाले समय में पार्टी संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा के सवाल पर और अधिक मुखर भूमिका निभाएगी।

गणतंत्र दिवस समारोह में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, संगठन पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, पूर्व मंत्री डॉ. मसूद अहमद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह ‘बबलू’, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, वरिष्ठ नेता द्विजेन्द्र राम त्रिपाठी सहित अनेक नेता मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!