बिजनौर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार माह जनवरी 2026 में मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (01 जनवरी से 31 जनवरी 2026) के अंतर्गत जनपद बिजनौर में सड़क सुरक्षा को लेकर सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), बिजनौर ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी क्रम में दिनांक 17 जनवरी 2026 को यात्रीकर अधिकारी श्री मुन्नालाल द्वारा जनपद के विभिन्न मार्गों पर माल वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान माल वाहनों में ओवरलोडिंग तथा माल वाहनों में सवारी ढोने जैसे गंभीर यातायात नियम उल्लंघनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
जांच अभियान के अंतर्गत कुल 03 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 02 वाहनों के विरुद्ध बंद (निरुद्ध) की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उन्हें सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया।
प्रवर्तन अधिकारियों ने वाहन चालकों को बताया कि यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं की संभावना कम होती है और जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। विभाग द्वारा आगे भी राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत इस प्रकार के जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे।
यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन में सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


