टॉप न्यूज़बिजनौरयूपी

उत्तर प्रदेश दिवस पर 23 जनवरी को जनपद मुख्यालय में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक

हवाई हमले की स्थिति से निपटने का अभ्यास, विभिन्न विभागों के समन्वय से आपदा प्रबंधन क्षमता परखी जाएगी

बिजनौर, 16 जनवरी 2026।

उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के अवसर पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्म दिवस (23 जनवरी) को जनपद मुख्यालय में प्रस्तावित ब्लैकआउट मॉक ड्रिल को लेकर आज दोपहर 12:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा किया गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वान्या सिंह, उप जिलाधिकारी सदर रितु रानी, क्षेत्राधिकारी सिटी संग्राम सिंह, आपदा विशेषज्ञ प्रशांत श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखना, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा वास्तविक आपदा की स्थिति में प्रतिक्रिया समय को न्यूनतम करते हुए जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि 23 जनवरी को मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी के लिए सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट किया जाएगा तथा नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया जाएगा। हवाई हमला समाप्त होने के संकेत के रूप में ‘ऑल क्लियर’ सायरन ध्वनित किया जाएगा।

मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन विभाग, स्काउट-गाइड वालंटियर्स, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक एवं एनसीसी वालंटियर्स द्वारा छोटी आग पर काबू पाने, घायलों को प्राथमिक चिकित्सा देने, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने तथा ध्वस्त भवनों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस मॉक ड्रिल में नागरिक सुरक्षा कोर, पावर कॉरपोरेशन, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, स्काउट-गाइड, राजस्व विभाग, आपदा मित्र सहित अन्य विभागों की सक्रिय सहभागिता रहेगी।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, निर्धारित समय पर मॉक ड्रिल प्रारंभ करने तथा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!