
बिजनौर। जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर टूटे डिवाइडर, अवैध कट और अव्यवस्थित यू-टर्न सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते जा रहे हैं। तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक प्रवेश करने वाले वाहन हर दिन लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां अंडरपास, सर्विस रोड और सुरक्षित क्रॉसिंग की आवश्यकता थी, वहां पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। परिणामस्वरूप लोगों ने मजबूरी में अवैध रास्ते बना लिए, जो अब हादसों का कारण बन रहे हैं।
सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि केवल अवैध कट बंद करना पर्याप्त नहीं होगा। सड़क डिज़ाइन का तकनीकी ऑडिट, टूटे डिवाइडरों की मरम्मत, उचित संकेतक, स्पीड कंट्रोल और आवश्यक स्थानों पर अंडरपास का निर्माण ही स्थायी समाधान है।
जनहित की मांग है कि संबंधित विभाग शीघ्र कार्रवाई कर हाईवे को सुरक्षित बनाए, ताकि अनियोजित सड़क व्यवस्था के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।