– गोवर्धन मीडिया ब्यूरो
बिजनौर 15 जनवरी, 2026।
बिजनौर जनपद में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल का चुनाव शुरू हो गया है। जनपद न्यायालय के सेंट्रल हॉल को मतदान स्थल बनाया गया है। जहां पर 16 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम 05 बजे तक अधिवक्ताओं के वोट डाले जाएंगे।
प्रथम अपर जनपद न्यायाधीश / पीठासीन अधिकारी, बार काउन्सिल ऑफ उत्तर प्रदेश, सरकारनिर्वाचन जनपद बिजनौर राम अवतार यादव ने चुनाव की जानकारी देते हुए बताया कि बार काउन्सिल ऑफ उत्तर प्रदेश का चुनाव जनपद बिजनौर में 16.01.2026 व 17.01.2026 को संपन्न होना है। मतदान का समय प्रातः 10 बजे से सांय 05 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतदान स्थल जनपद न्यायालय, बिजनौर के दस कक्षीय भवन के सेन्ट्रल हॉल को चिन्हित किया गया है। बार काउन्सिल ऑफ उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में जिन अधिवक्तागण का नाम अंकित है, वही मतदान में भाग ले सकते हैं। मतदान करने के लिए बार काउन्सिल ऑफ उत्तर प्रदेश की तरफ से निर्गत सी.ओ.पी. कार्ड अथवा बार काउन्सिल ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा निर्गत पहचान पत्र या पंजीयन प्रमाण पत्र ही मान्य होगा। उन्होंने बताया कि बार काउन्सिल ऑफ उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार उपरोक्त के अतिरिक्त अन्य कोई भी पहचान पत्र मान्य नहीं होगा। मतदान कक्ष में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र, मोबाईल एवं इलैक्ट्रॉनिक गैजेट्स का प्रयोग निषेधित है। मतदान स्थल के 100 मीटर की परिधि में पोस्टर, बैनर इत्यादि का प्रयोग भी निषेधित है। चुनाव को सकुशल, सुरक्षित संपन्न कराने के लिए वाहनों का परिसर में प्रवेश पूर्णतः निषेधित रहेगा।
यह भी उल्लेखनीय है कि जनपद के बाह्य न्यायालय नगीना, नजीबाबाद एवं चांदपुर से संबंधित अधिवक्तागण द्वारा उपरोक्त चुनाव के लिए मतदान उक्त न्यायालयों के चुनाव अधिकारियों द्वारा चिन्हित स्थानों पर उपरोक्त दिनांक एवं समय पर बार काउन्सिल ऑफ उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार संपन्न होंगे।
