वृद्धाश्रम पहुंचे डीएम उमेश प्रताप सिंह, बुजुर्गों का जाना हाल
महात्मा विदुर सेवा आश्रम में औचक निरीक्षण के दौरान भोजन, स्वच्छता और रहन-सहन की ली जानकारी, मूलभूत सुविधाओं की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश


बिजनौर| हल्दौर क्षेत्र में जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य, भोजन, रहन-सहन और आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को वृद्धजनों की सुविधाओं और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बिजनौर के विकासखंड हल्दौर के ग्राम दारानगर गंज स्थित महात्मा विदुर सेवा आश्रम के आवासीय वृद्धाश्रम में जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह रविवार को औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने आश्रम में रहने वाले वृद्धजनों से बातचीत कर उनकी कुशल-क्षेम जानी और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने वृद्धजनों से आश्रम में मिलने वाली सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी ली। वृद्धजनों ने भोजन को गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक बताया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए वृद्धजनों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
वृद्धजनों के बेहतर स्वास्थ्य और नियमित चिकित्सा सुविधा को लेकर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराए जाएं। इसके लिए समर्पित चिकित्सा दल गठित करने और सभी वृद्धजनों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने वृद्धाश्रम के आवासीय कक्षों और प्रसाधनों में नियमित साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। साथ ही चादर, तकिए के कवर और लिहाफ आदि की निर्धारित अंतराल पर धुलाई और सफाई सुनिश्चित कराने को कहा।
इसके अलावा प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, टेलीविजन और मनोरंजन के अन्य साधनों सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को सुचारु और क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए, ताकि वृद्धजनों को किसी तरह की असुविधा न हो और उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण मिल सके।
वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के लिए जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी समय-समय पर आश्रम का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य, स्वच्छता, भोजन और अन्य सुविधाओं की स्थिति का सत्यापन करेंगे तथा आवश्यकता के अनुसार सुधार सुनिश्चित कराएंगे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्धजनों की जरूरतों और समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम किया जाए और उनके स्वास्थ्य, सुविधाओं तथा सम्मानजनक जीवन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जाएं।


