टॉप न्यूज़देशबिजनौरयूपीराजनीतिलोकल न्यूज़विकास

नो एंट्री से परेशान छोटा हाथी वाहन चालकों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

शहर में प्रवेश की अनुमति देने और उत्पीड़न रोकने की मांग

 

नो एंट्री से परेशान छोटा हाथी वाहन चालक पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देने जाते हुए (फोटो)

बिजनौर, 9 सितंबर। शहर में नो एंट्री के कारण छोटे मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक और ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई से परेशान ‘छोटा हाथी’ वाहन चालकों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। वाहन चालकों ने आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई करने वाले छोटे मालवाहक वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति देने तथा उत्पीड़न से राहत दिलाने की मांग की।
वाहन चालकों का कहना है कि उनके वाहन शहर की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों में उपयोग होते हैं। इनमें अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी और फ्रीजर पहुंचाना, अस्पतालों एवं मेडिकल स्टोरों के लिए दवाइयां व चिकित्सा उपकरण ले जाना, शादी-पार्टियों के लिए कैटरिंग का सामान पहुंचाना, किसानों के लिए खाद-बीज की ढुलाई तथा मंडी से फल-सब्जियां लाकर विक्रेताओं तक पहुंचाना शामिल है। इसके अलावा घरेलू सामान की ढुलाई में भी छोटे मालवाहक वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
वाहन चालकों ने आरोप लगाया कि शहर में नो एंट्री व्यवस्था नाम पर सामान लेकर प्रवेश नहीं करने दिया जाता। उनका यह भी कहना था कि वाहनों के वैध दस्तावेज होने के बावजूद चालान की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि इससे उनके सामने रोजगार और आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वाहन चालकों का कहना है कि मेरठ, गाजियाबाद और मुरादाबाद आदि जैसे बड़े शहरों में आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई करने वाले छोटे मालवाहक वाहनों को नो एंट्री में छूट दी जाती है। उनका कहना है कि बिजनौर में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू की जानी चाहिए, ताकि आम लोगों को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित न हो और वाहन चालकों की आजीविका भी बनी रहे।
उन्होंने कहा कि शहर में प्रवेश पर रोक के कारण उन्हें पर्याप्त माल ढुलाई का काम नहीं मिल पा रहा है। इससे वाहनों के लोन की मासिक किस्त जमा करने में भी परेशानी हो रही है और परिवार के खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
वाहन चालकों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि छोटे मालवाहक वाहनों के लिए स्पष्ट नियम बनाए जाएं तथा शहर में प्रवेश की अनुमति दी जाए। साथ ही उन्होंने वैध दस्तावेज रखने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अनावश्यक कार्रवाई नहीं करने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में प्रीतम सिंह, रविंद्र कुमार, आकाश, बबलू, राजू, संजय, महेंद्र, संदीप कुमार, प्रमोद, विक्की, दिनेश कुमार, गोविंद, रफीक, अरुण कुमार, सत्यवीर, बाबा, मुकेश, कमल सैनी, निशांत, रवि कुमार, निपेंद्र, मुकेश चौधरी, दीपेंद्र, अतुल, मोंटी पाल, शिव कुमार, दीपक कुमार, विजय, नौशाद, छोटू, अंकुर आदि शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!