टॉप न्यूज़बिजनौरयूपी

एसआईआर को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक

दावे–आपत्तियों के निस्तारण में तेजी लाने और युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने का आह्वान

बिजनौर। जिलाधिकारी श्रीमती जसजीत कौर की अध्यक्षता में बुधवार को दोपहर 12:00 बजे कलेक्ट्रेट स्थित उनके कैंप कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) निर्वाचक नामावली के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियों का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस कार्य को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्वाध रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अतिरिक्त जिला स्तरीय अधिकारियों को नामित किया गया है तथा उनके बैठने के लिए पृथक स्थान भी निर्धारित किए गए हैं, जहां दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक जनपद बिजनौर की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में

फॉर्म-6: 46,754

फॉर्म-7: 2,088

फॉर्म-8: 22,333

फॉर्म भरे जा चुके हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि दावे और आपत्तियों के निस्तारण के कार्य में और अधिक तेजी लाई जाए तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से फॉर्म-6 अवश्य भरवाएं, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। साथ ही उन्होंने दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण में सहयोग के लिए सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने बूथ लेवल अभिकर्ताओं को सक्रिय करने का आह्वान किया, जिससे एसआईआर का कार्य तेजी और पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वानिया सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार, समाजवादी पार्टी से अख़लाक़ अहमद उर्फ पप्पू, बहुजन समाज पार्टी से मुहम्मद सिद्दीक तथा कांग्रेस पार्टी से अनिल त्यागी एवं क़ाज़ी आतिफ़ उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!