टॉप न्यूज़देश

रस्सी खुलते ही मचाया खूनी तांडव, मां-नाना-नानी समेत चार की मौत

 युवक ने लाठी-डंडे से परिवार पर किया हमला, कई घायल; आरोपी पुलिस हिरासत में

भोपाल, 3 अक्टूबर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमोदा बिजौरा गांव में शनिवार को एक युवक ने कथित तौर पर लाठी-डंडे से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में उसकी मां, नाना-नानी और पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने आरोपी युवक प्रेम सिंह को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पहले विवाद, फिर बंधा आरोपी

पुलिस और स्थानीय लोगो के मुताबिक, आरोपी प्रेम सिंह करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां के साथ अमोदा बिजौरा स्थित अपने नाना-नानी के घर आया था। शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसका सनी धाम के पंडा गंगा सिंह से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई, जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर उसके नाना-नानी के घर ले जाकर रस्सी से बांध दिया।

बताया जा रहा है कि बेटे को बंधा देखकर उसकी मां अनुपिया बाई ने उसे रस्सी से खोल दिया। इसके बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई।

मां को बनाया पहला निशाना

रस्सी से मुक्त होते ही आरोपी ने लाठी-डंडे से अपनी मां पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने नाना संपत और नानी भन्नी पर भी हमला किया। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया।

हमले में पांच वर्षीय मोनका सिंह की भी मौत हो गई। भारती और चंचल समेत कई लोग घायल बताए गए हैं। सनी धाम के पंडा गंगा सिंह भी हमले में घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायलों को उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही अनूपपुर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पूर्व में भी अपनी मां के साथ मारपीट करने और उसके खिलाफ मामला दर्ज होने की बातें सामने आई हैं। उसके गांव का उपसरपंच होने की जानकारी भी दी जा रही है, हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात भी सामने आई है, लेकिन पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस इस पुरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!