नागोया, 3 अक्टूबर। भारतीय पहलवान अमन सहरावत ने एशियाई खेल-2026 में पुरुषों के 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग का स्वर्ण पदक जीत लिया। शनिवार को नागोया में खेले गए फाइनल में अमन ने उत्तर कोरिया के मौजूदा विश्व चौंपियन चोंग सोंग हान को 11-7 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबला उतार-चढ़ाव से भरा रहा। अमन ने शुरुआत में बढ़त बनाते हुए मुकाबले पर पकड़ बनाई और एक समय 6-1 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद चोंग सोंग हान ने जोरदार वापसी करते हुए लगातार अंक जुटाए और स्कोर 7-6 कर दिया। मुकाबले के अंतिम चरण में अमन ने बेहतरीन दांव लगाकर फिर बढ़त हासिल की और अंततः 11-7 से मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक पक्का कर लिया।
स्वर्ण पदक के इस मुकाबले से पहले अमन ने सेमीफाइनल में ताजिकिस्तान के आयाल बेलोल्युब्स्की को 14-8 से हराया था। इस जीत के साथ उन्होंने एशियाई खेलों में अपने पदक का रंग बदल दिया। हांगझोउ एशियाई खेलों में अमन ने इसी भार वर्ग में कांस्य पदक जीता था।
अमन सहरावत ने 2024 पेरिस ओलंपिक में 57 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता था और उस समय वे व्यक्तिगत स्पर्धा में ओलंपिक पदक जीतने वाले भारत के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे। 2026 एशियाई खेलों का स्वर्ण उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
अमन की इस जीत से एशियाई खेलों की कुश्ती में भारत का प्रदर्शन भी मजबूत हुआ है। इससे पहले पुरुषों के 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में सुजीत कलकल ने स्वर्ण पदक जीता था।


