टॉप न्यूज़देशबिजनौरयूपीराजनीतिलोकल न्यूज़विकासशिक्षा

संकल्प सेवा अभियान के तहत कलेक्ट्रेट में लगी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी

जिला पंचायत प्रशासक साकेंद्र प्रताप सिंह ने किया उद्घाटन, डीएम जसजीत कौर ने किया निरीक्षण

संकल्प सेवा अभियान के तहत बिजनौर कलेक्ट्रेट में लगी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए जिला पंचायत प्रशासक साकेन्द्र प्रताप सिंह (फोटो)

बिजनौर, 19 सितंबर। संकल्प सेवा अभियान के तहत शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों, नीतियों और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिला पंचायत के प्रशासक साकेंद्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली।

जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट के साथ विकास भवन परिसर में भी विकास कार्यों एवं योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई है। दोनों प्रदर्शनी 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया जा रहा है।
प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत प्रशासक साकेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से कई योजनाओं की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की पात्रता और लाभ की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

संकल्प सेवा अभियान के तहत बिजनौर कलेक्ट्रेट में लगी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का निरीक्षण करतीं हुईं जिलाधिकारी जसजीत कौर (फोटो)

जिलाधिकारी जसजीत कौर ने प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदर्शनी के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि पात्र लाभार्थी संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकें।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से कलेक्ट्रेट और विकास भवन परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग योजनाओं की पात्रता और प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर अपने परिवार तथा परिचित पात्र लोगों को भी इनके बारे में जानकारी दें। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!