अभिनव पहल : डीआईजी ने पंचर दुकानदार से कराया पुलिस कार्यालय भवन का शिलान्यास


वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण एक अलग पहल करके पंचर बनाने वाले से पुलिस कार्यालय का शिलान्यास कराते हुए।(फोटो)
लखनऊ, 29 अगस्त। गाजीपुर में पुलिस प्रशासन को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में शुक्रवार को विशेश्वरगंज थाने के सामने पुलिस अधीक्षक (नगर) और पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के प्रस्तावित नए कार्यालय भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी गाजीपुर अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा, एसपी सिटी राकेश मिश्रा तूफान समेत पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
स्थानीय दुकानदार से कराया शिलान्यास
कार्यक्रम में डीआईजी वैभव कृष्ण ने एक अलग पहल करते हुए किसी वरिष्ठ अधिकारी अथवा जनप्रतिनिधि के बजाय स्थानीय दुकानदार से शिलापट्ट की डोरी खिंचवाकर शिलान्यास कराया। बताया गया कि दुकानदार पंचर बनाने का काम करता है। पुलिस प्रशासन की इस पहल को आम नागरिक की भागीदारी और पुलिस-जन संवाद के संदेश से जोड़कर देखा गया।
कार्यालयों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
प्रस्तावित भवन के निर्माण से एसपी सिटी और यातायात पुलिस के कार्यालयों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इससे पुलिस अधिकारियों के कार्यालयीन कार्यों, जनसुनवाई और यातायात व्यवस्था से जुड़े कार्यों के संचालन में सुविधा होगी। अधिकारियों के अनुसार नए भवन से पुलिस विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने और आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिक की भागीदारी चर्चा का विषय रही। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ जनता के साथ बेहतर समन्वय और संवाद भी प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है।